मुंहासे ( Pimples ) क्यों निकलते हैं ?
 |
| मुंहासे ( Pimples ) |
कील - मुंहासे और झाइयां युवा लड़कों और लड़कियों के लिए एक बहुत बड़ी समस्या बनी हुई हैं । इनसे संदर चेहरा तो बदसूरत हो ही जाता है , साथ ही एक हीनभावना भी पैदा हो जाती है ।
संसार में कोई भी नहीं चाहता कि उसके मुंहासे हों , बल्कि जो कोई भी मुंहासों का शिकार हो जाता है । वह इनके कारण तथा इलाज के लिए बहुत चिंतित रहता है ।
मुंहासे निकलने के कई कारण होते हैं , हमारी त्वचा के नीचे तेल - ग्रंथियां ( Oil Glands ) होती हैं , जिन्हें सिबेशस ग्रंथियां ( Sebaceous Glands ) कहते हैं । ये त्वचा को मुलायम रखने के लिए बालों की जड़ों में सतत रूप से तेल पैदा करती रहती हैं , जो त्वचा के छोटे - छोटे छिद्रों द्वारा ऊपर आता रहता है ।
कोशिकाओं से निकलने वाली गंदगी या बाहरी गंदगी के कारण जब कभी ये छिद्र रुक जाते हैं , तो तेल इन ग्रंथियों से बाहर नहीं निकल पाता । परिणाम यह होता है कि तेल - ग्रंथि फूल जाती है और इस फुली हुई ग्रंथि पर कुछ बैक्टीरिया ( जीवाणु ) आसानी से हमला कर देते हैं ।
उनसे फूली हुई ग्रंथि की सुरक्षा के लिए रक्त के श्वेतकण आगे आ जाते हैं और बचाव के दौरान नष्ट हुए श्वेत रक्तकण पस ( Pus ) के रूप में इस ग्रंथि के चारों ओर जमा हो जाते हैं , इसी को हम मुंहासा निकलना कहते हैं . ( देखें ऊपर का चित्र . ) ।
कभी - कभी त्वचा के किसी रोग के कारण भी मुंहासे हो जाते हैं । शरीर की कुछ अन्य बीमारियां भी मुहासे निकलने में सहायक होती हैं और अधिक मिर्च - मसालों वाले खाद्य पदार्थ भी मुहांसों का कारण हो सकते हैं ।
मुंहासे आमतौर पर 12-13 साल की उम्र में निकलना शुरू होते हैं और बीस साल की उम्र तक निकलते रहते हैं । इसका कारण यह है कि इस उम्र में तेल - ग्रंथियां अधिक क्रियाशील रहती हैं और अधिक तेल पैदा करती हैं ।
लड़कों में तेल - ग्रंथियों की क्रियाशीलता लड़कियों की तुलना में अधिक होती है , इसलिए लड़कों के , लड़कियों की अपेक्षा अधिक मुंहासे निकलते हैं ।
मुंहासे अक्सर मुंह पर ही अधिक निकलते हैं , लेकिन कुछ वयस्कों की छाती और कमर के ऊपरी भागों और कंधों पर भी निकल आते हैं । इसका कारण यह है कि शरीर के इन हिस्सों में तेल - ग्रंथियां दूसरे हिस्सों की अपेक्षा अधिक होती हैं ।
चेहरे पर अधिक मुंहासे निकलने पर डाक्टर की सलाह लेना बहुत जरूरी है । डाक्टर इनके निकलने का कारण पता लगाकर उचित दवा दे सकता है । मुंहासों पर न तो बाजारू क्रीम लगानी चाहिए और न ही दबा कर इनका पस निकालना चाहिए । ऐसा करने से मुंहासे वाले स्थान पर काला निशान बन जाता है ।
मुंहासों को निकलने से रोकने के लिए त्वचा को साफ रखना बहुत जरूरी है । चेहरे को ठण्डे पानी से कई बार धोकर मुलायम कपड़े से पोछना चाहिए । शारीरिक व्यायाम से भी मुंहासे निकलने की आशंका कम हो जाती है , क्योंकि व्यायाम के कारण रक्त का बहाव तेज हो जाता है और तेल - ग्रंथियों में रूकावट नहीं आने पाती ।